Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भुवनेश्वर, 19 जुलाई (हि.स.)। बाजार में अंडों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उत्पादक वर्तमान में अंडे करीब 7 रुपये प्रति पीस की दर से बेच रहे हैं, जबकि खुदरा बाजार में इसकी कीमत लगभग 9 रुपये प्रति पीस तक पहुंच गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर बढ़ती मांग और अंडों के निर्यात में वृद्धि इस मूल्य वृद्धि का एक बड़ा कारण है। इसके अलावा, इस वर्ष भीषण गर्मी के कारण मुर्गियों की मृत्यु दर (मॉर्टेलिटी रेट) बढ़ने से उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिससे आपूर्ति में कमी आई है।
राज्य के मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने कहा कि सरकार उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सरकार 1 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दे रही है और इसे बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये तक करने की योजना है, ताकि अंडों की मांग को पूरा किया जा सके।
मंत्री ने कहा कि कीमतों में कमी तभी संभव है जब उत्पादन में वृद्धि होगी। सरकार ने प्रतिदिन 2 करोड़ अंडों के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो