फतेहाबाद : नीट धांधली व वांगचुक की गिरफ्तारी पर भडक़े युवा, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
फतेहाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं और दिल्ली में पर्यावरणविद सोनम वांगचुक पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ रविवार को गांव भूथन कलां में भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले युवाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
फतेहाबाद। गांव भूथनकलां में शिक्षामंत्री का पुतला फूंकते ग्रामीण।


फतेहाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं और दिल्ली में पर्यावरणविद सोनम वांगचुक पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ रविवार को गांव भूथन कलां में भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले युवाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर न्याय की गुहार लगा रहे छात्रों के आंदोलन के समर्थन में किया गया। आक्रोशित नौजवानों और छात्रों ने स्थानीय नीमवाला चौक पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। युवाओं ने आरोप लगाया कि नीट जैसी देश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में बार-बार हो रही धांधलियां लाखों होनहार छात्रों के भविष्य के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ हैं। वक्ताओं ने इसके लिए सीधे तौर पर सरकार की विफलता को जिम्मेदार ठहराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने लद्दाख के अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे प्रसिद्ध पर्यावरणविद सोन वांगचुक को दिल्ली में धरना स्थल से पुलिस द्वारा जबरन उठाए जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। युवा नेताओं ने इस कदम को कायराना हरकत बताते हुए कहा कि यह देश में लोकतंत्र की आवाज को दबाने की एक सोची-समझी कोशिश है। सरकार जन आंदोलनों के बढ़ते प्रभाव से घबरा गई है और दमनकारी नीतियों पर उतारू है। नौजवान सभा के वरिष्ठ नेता पवन भूथन ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आगामी रणनीति का ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि नीट घोटाले, पेपर लीक और सरकार की तानाशाही नीतियों के खिलाफ 20 जुलाई को दिल्ली में एक विशाल संसद मार्च का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक मार्च में भूथन कलां और आसपास के क्षेत्रों से सैंकड़ों नौजवान और छात्र दिल्ली के लिए कूच करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के सभी युवाओं और आम नागरिकों से इस न्याय की लड़ाई में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पवन भूथन के साथ रोशन कुलडिय़ा, सुरजीत, बलजीत सिंगला, अनंत सिंगला, विक्की पटीर और हर्ष ढाका सहित काफी संख्या में युवा व ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा