Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 19 जुलाई (हि.स.)। रांची जिले के नामकोम थाना क्षेत्र के ग्राम पिंडरकॉम, तेतरी निवासी प्रीतम तिर्की और अंकित गंगा तिर्की पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद अपनी मन्नत पूरी करने के लिए रविवार को प्रसिद्ध बाबा आम्रेश्वर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दोनों श्रद्धालुओं ने बताया कि वे लंबे समय से बीमारी से पीड़ित थे। उपचार के दौरान उन्होंने बाबा आम्रेश्वर से शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए मन्नत मांगी थी कि स्वास्थ्य लाभ मिलने पर वे धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। स्वस्थ होने के बाद उन्होंने अपनी प्रतिज्ञा पूरी करते हुए बाबा के दरबार में माथा टेका और विशेष अनुष्ठान संपन्न कराया।
पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच खीर भोग का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर प्रीतम तिर्की और अंकित गंगा तिर्की ने बाबा आम्रेश्वर धाम समिति के पदाधिकारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने धाम की व्यवस्था, सेवा-भाव और श्रद्धालुओं के प्रति सहयोग के लिए समिति का आभार भी व्यक्त किया।
बाबा आम्रेश्वर धाम समिति के पदाधिकारियों ने दोनों श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा आम्रेश्वर धाम में दूर-दराज से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं के साथ आते हैं और आस्था एवं विश्वास के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा