Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ढाका, 19 जुलाई (हि.स.)। बांग्लादेश में खसरे (मीजल्स) का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में खसरे जैसे लक्षणों के कारण चार और बच्चों की मौत हो गई, जिससे इस बीमारी से जुड़ी कुल पुष्ट और संदिग्ध मौतों की संख्या बढ़कर 788 हो गई है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार हाल में हुई सभी चार मौतें संदिग्ध खसरा मामलों की हैं। अब तक 693 संदिग्ध और 95 प्रयोगशाला से पुष्टि किए गए खसरा जनित मौतों की पुष्टि हो चुकी है। इसी अवधि में 938 नए संदिग्ध मरीज सामने आए, जिसके बाद देश में संदिग्ध मामलों की कुल संख्या 1,17,648 हो गई है। अब तक 113 नए लैब-पुष्ट मामले मिलने से कुल पुष्ट संक्रमितों की संख्या 14,431 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य महानिदेशालय (डीजीएचएस) के अनुसार 15 मार्च से अब तक 1,00,137 संदिग्ध मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 96,521 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि शेष का इलाज जारी है।
इस बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि डेंगू के बढ़ते मामलों से बांग्लादेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर दोहरा दबाव पड़ सकता है। राजधानी ढाका के प्रमुख सरकारी अस्पताल पहले से ही प्रतिदिन 900 से अधिक खसरा मरीजों का उपचार कर रहे हैं।
बांग्लादेश मेडिकल यूनिवर्सिटी के आंतरिक चिकित्सा विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर फजल रब्बी चौधरी ने कहा कि खसरे के मामलों में कुछ गिरावट जरूर आई है, लेकिन यह अपेक्षा से धीमी है। मानसून के कारण मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने से डेंगू तेजी से फैल सकता है, जिससे अस्पतालों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय