बलरामपुर : सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के 15 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, कलेक्टर के संज्ञान में आते ही हटने लगा मलबा
बलरामपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उनकी समस्या का समय पर समाधान नहीं हुआ। इसके बाद, उन्होंने सोशल म
नाली की सफाई


बलरामपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उनकी समस्या का समय पर समाधान नहीं हुआ। इसके बाद, उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी कलेक्टर को दी, जिसके बाद संबंधित एजेंसी ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया।

पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने आज रविवार को बताया कि उनका निवास वार्ड क्रमांक 7 में अंबिकापुर–रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के किनारे स्थित है। यहां नाली निर्माण का मलबा पिछले चार माह से पड़ा हुआ था, जिससे उनके परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। नगर पंचायत कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को भी इसी मार्ग से गुजरना पड़ता था।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में 30 जून को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो मलबा हटाया गया और न ही शिकायत का संतोषजनक निराकरण किया गया।

इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से पूरी समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। मामले के संज्ञान में आते ही संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और नाली निर्माण के दौरान पड़े मलबे को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने समस्या के समाधान की दिशा में त्वरित पहल के लिए कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अधूरा निर्माण कार्य भी जल्द पूरा होगा, जिससे स्थानीय लोगों को स्थायी राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय