Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। सावन माह में आयोजित होने वाली नि:शुल्क कांवर यात्रा की तैयारियों को लेकर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने रविवार को पंजीयन पोस्टर का विमोचन किया। मानगो स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल नंबर युक्त पोस्टर जारी किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।
संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि इस वर्ष 9 अगस्त को जमशेदपुर से 1000 शिवभक्तों का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना होगा। यात्रा में शामिल होने के लिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पंजीयन किया जाएगा। इच्छुक श्रद्धालु पोस्टर पर दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। पंजीयन के बाद यात्रियों के लिए बसों में सीट आरक्षित कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए 18 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम आयु के श्रद्धालुओं का ही पंजीयन किया जाएगा। यात्रा में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की समान भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक यात्रा के लिए किसी भी श्रद्धालु से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
विकास सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं को सुल्तानगंज तक वाहन से ले जाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद सुल्तानगंज से देवघर तक पैदल कांवर यात्रा के दौरान पड़ने वाले विश्राम स्थलों पर सीमित सुविधाओं को देखते हुए इस बार यात्रियों की संख्या 1000 निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सभी शिवभक्तों के लिए स्वास्थ्य सुविधा, विश्राम के लिए धर्मशाला, शुद्ध निरामिष भोजन और मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नि:शुल्क व्यवस्था की जाएगी। संघ का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में पोस्टर का विमोचन राजकुमार श्रीवास्तव और उनकी पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विकास सिंह, आशुतोष सिंह, किशोर बर्मन, कृष्णा सिंह, हेमंत सिंह, दुर्गा दत्ता, सिद्धेश्वरी देवी, पायल कुमारी, अजय लोहार, संदीप शर्मा, चुन्नू पांडे, मोनू चौहान, जोगिंदर सिंह, सुशील शर्मा, अंकेश श्रीवास्तव, रोहित सिंह, शुभम रजक, धीरज सिंह, कमलेश कुमार, मनोज राय, उपेंद्र प्रसाद, शिव साहू, नरेश पासवान, रामचंद्र प्रसाद, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक