Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-22.38 करोड़ से किए जा रहे 62 विकास कार्य, अब तक 38 पूरे
-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को विकास की नई रफ्तार
-अयोध्या में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, योजना के तहत हो रहा गलियों का चौमुखी विकास
अयोध्या, 19 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत अयोध्या की गलियों का कायापलट हो रहा है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रामनगरी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का कार्य तेज गति से चल रहा है। इस योजना के अंतर्गत 22.38 करोड़ रुपये की लागत से 62 विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिनमें से 38 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 24 कार्य प्रगति पर हैं।
नगर निगम द्वारा कार्यदाई संस्था के रूप में संचालित इस परियोजना में गलियों के चौड़ीकरण, ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइटिंग, फुटपाथ निर्माण, पेवर ब्लॉक लगाने और सुंदर सज्जा का समावेश है। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत इन विकास कार्यों से न केवल स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, बल्कि राम मंदिर दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भी सुगम यातायात और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो रहा है।
महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रही योजना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप अयोध्या को विश्व स्तर का तीर्थ स्थल बनाने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रही है। गलियों का चौमुखी विकास हो रहा है। सड़कें चिकनी और चौड़ी हो गई हैं, जल-जमाव की समस्या समाप्त हो रही है तथा रात के समय उज्ज्वल प्रकाश व्यवस्था से सुरक्षा भी बढ़ी है।
नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार के अनुसार शेष कार्य भी निर्धारित समयसीमा में पूरे कर लिए जाएंगे। इन कार्यों में मुख्य रूप से घनी बस्तियों वाल गलियों, मंदिर मार्गों और पर्यटक क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है।आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से अयोध्या न केवल धार्मिक नगरी बनी रहेगी, बल्कि एक सुगठित, स्वच्छ और आधुनिक शहर के रूप में भी उभरेगी।
स्थानीय लोगों में उत्साह
स्थानीय लोगों में इस विकास कार्य को लेकर उत्साह है। स्थानीय निवासी अरुण ने बताया कि पहले गलियां संकरी और गंदी रहती थीं, अब सुंदर फुटपाथ और अच्छी रोशनी के साथ चलना आसान हो गया है। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना अयोध्या को ‘स्मार्ट सिटी’ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस योजना के पूरा होने के बाद रामनगरी की सड़कें और गलियां न केवल सुविधाजनक होंगी, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएंगी। योगी सरकार का यह प्रयास अयोध्या को वैश्विक पटल पर और चमकाने वाला साबित होगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय