Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 19 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल दक्षिण थाना की ओर से शनिवार को 'फिरे पावा' परियोजना के तहत विभिन्न समय पर खोए हुए 79 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
इस अवसर पर एसीपी सेंट्रल-2 अब्दुल गफ्फार, दक्षिण थाना प्रभारी विश्वजीत मुखर्जी, दक्षिण थाना के सेकंड ऑफिसर सहित थाना के अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसीपी सेंट्रल-2 अब्दुल गफ्फार ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन लोगों की जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में इसकी सुरक्षा और देखभाल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मोबाइल खोने पर केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं होता, बल्कि उसमें मौजूद व्यक्तिगत जानकारी, जरूरी दस्तावेज और संपर्क भी प्रभावित होते हैं, जिससे कई तरह की परेशानियां खड़ी हो जाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल चोरी हो जाए या खो जाए तो वह तुरंत अपने नजदीकी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराएं।
दक्षिण थाना प्रभारी विश्वजीत मुखर्जी ने भी लोगों को मोबाइल का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और उसकी सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहने की सलाह दी।
मोबाइल वापस पाने वाले कई लोगों ने आसनसोल दक्षिण थाना की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल खोने के बाद उन्हें उसे वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस की मेहनत और तत्परता की बदौलत उनका मोबाइल वापस मिल गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा