बरसाती नाले में बह गईं खाद और बाइक
खूंटी , 19 जुलाई (हि.स.)। भारी बारिश के कारण मुरहू में बरसाती नाले के किनारे स्थित दो दुकानों को बड़ा नुकसान हुआ। रविवार को ऊंचाई पर बने राज बीज भंडार और राजन ऑटो गैरेज की पिछली दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में दोनों प्रतिष्ठानों को भारी आर्थिक
Bike


खूंटी , 19 जुलाई (हि.स.)। भारी बारिश के कारण मुरहू में बरसाती नाले के किनारे स्थित दो दुकानों को बड़ा नुकसान हुआ। रविवार को ऊंचाई पर बने राज बीज भंडार और राजन ऑटो गैरेज की पिछली दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में दोनों प्रतिष्ठानों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची।

दीवार गिरते ही राज बीज भंडार में रखे दर्जनों बोरी खाद तेज बहाव वाले नाले में बह गए। कुछ खाद की बोरियां नाले के किनारे अटक गई थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। दुकान संचालक महेश कुमार ने बताया कि हादसे में उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि पानी में भींग जाने के कारण खाद अब उपयोग के योग्य नहीं रह गई है।

वहीं, दीवार ढहने का सबसे अधिक असर बगल में स्थित राजन ऑटो गैरेज पर पड़ा। गैरेज में मरम्मत के लिए खड़ी पांच मोटरसाइकिलें, छोटे पानी के पंप, जेनसेट, मोबिल और कई ऑटो पार्ट्स नाले के तेज बहाव में बह गए। मोटरसाइकिलें लगभग 50 फीट नीचे नाले में जा गिरीं। स्थानीय लोगों ने रस्सियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी बाइकों को बाहर निकाला।

गैरेज संचालक राजन कुमार ने बताया कि पानी में डूबने से बाइक, मशीनें और ऑटो पार्ट्स बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बरसाती नाले के किनारे बने भवनों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे आसपास स्थित मकानों और दुकानों पर खतरा मंडराता रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले के किनारे सुरक्षा दीवार बनाने और प्रभावित दुकानदारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा