Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पूर्वी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनाक ने रविवार को अपने परिवार के साथ पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हिरणी जलप्रपात का भ्रमण किया। टेबो घाटी में स्थित इस प्राकृतिक धरोहर की मनमोहक वादियों और जलप्रपात की खूबसूरती का उन्होंने करीब से अवलोकन किया तथा कुछ समय यहां बिताकर प्रकृति के शांत वातावरण का आनंद लिया।
भ्रमण के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हिरणी जलप्रपात परिसर में पौधारोपण किया।
इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत कर उनका आत्मीय स्वागत किया, जबकि जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। मुख्य न्यायाधीश ने प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए थे।
पूरे भ्रमण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रखंड विकास पदाधिकारी भीषम कुमार सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक