श्री अमरनाथ यात्रा 2026 से पहले कठुआ में हाई अलर्ट-एसएसपी मोहिता शर्मा ने सुरक्षा तैयारियों की व्यापक समीक्षा की
कठुआ, 08 जून (हि.स.)। आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 को सुरक्षित और सफल बनाने के उद्देश्य से कठुआ पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस ने जिला पुलिस लाइन कठुआ में
SSP Mohita Sharma conducted a comprehensive review of security preparations.


कठुआ, 08 जून (हि.स.)। आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 को सुरक्षित और सफल बनाने के उद्देश्य से कठुआ पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस ने जिला पुलिस लाइन कठुआ में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ संयुक्त “सिक्योरिटी रिव्यू कम कोऑर्डिनेशन मीटिंग” की अध्यक्षता की।

बैठक में पुलिस, सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, इंटेलिजेंस एजेंसियों और सिविल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान एसएसपी ने यात्रा के लिए बनाए गए सुरक्षा प्लान, निगरानी तंत्र, काफिला प्रबंधन, क्विक रिएक्शन टीम की तैनाती और आपातकालीन प्रतिक्रिया योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। एसएसपी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए यात्रा के दौरान अधिकतम सतर्कता, सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन और श्रद्धालुओं के प्रति सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि लंगर स्थलों, ठहरने के स्थानों और यात्रा से जुड़े अन्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने खुफिया तंत्र को और मजबूत बनाने, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा बॉर्डर नेशनल हाईवे और रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर 24×7 निगरानी, नाका चेकिंग और क्षेत्रीय गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि हाईवे, होटल, ढाबों और फैक्ट्री क्षेत्रों में जनगणना व किरायेदार सत्यापन अभियान को तेज किया जाए ताकि किसी भी असामाजिक या राष्ट्रविरोधी तत्व की मौजूदगी को रोका जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए ड्रोन निगरानी, एक्स-रे मशीनों की स्थापना और डॉग स्क्वॉड द्वारा एंटी-सबोटाज जांच को बढ़ाने पर भी बल दिया गया। बेस कैंप लखनपुर सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि यात्रा के मिनी काफिलों की सुरक्षा और प्रबंधन को और बेहतर बनाया जाए तथा सभी प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाए। अंत में एसएसपी कठुआ ने सभी एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण तैयार रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही अमरनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुचारू और सफल बनाया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया