Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 05 जून (हि.स.)। नटरंग के बहुप्रतीक्षित समर थिएटर कैंप-2026 का शुभारंभ शुक्रवार को नटरंग स्टूडियो थिएटर, जम्मू में किया गया। कैंप का उद्घाटन नटरंग के निदेशक एवं पद्मश्री सम्मानित रंगकर्मी बलवंत ठाकुर ने पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर बच्चों, अभिभावकों, रंगकर्मियों और नटरंग टीम के सदस्यों ने भाग लिया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बलवंत ठाकुर ने कहा कि थिएटर बच्चों के समग्र विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि कैंप का प्रशिक्षण मॉड्यूल अंतरराष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक एवं रचनात्मक संस्थानों के अनुभवों के आधार पर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि थिएटर बच्चों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कैंप का संचालन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रंग निर्देशक सुमीत शर्मा करेंगे, जिन्हें बच्चों के साथ थिएटर प्रशिक्षण का 26 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इसके अलावा वरिष्ठ रंगकर्मी नीरज कांत और गौरी ठाकुर भी विशेष सत्र आयोजित करेंगे। नटरंग के बाल रंगमंच प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में बच्चों को अभिनय, मंच संचालन, सार्वजनिक भाषण, व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक अभिव्यक्ति का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागी एक नई पूर्णकालिक नाट्य प्रस्तुति भी मंचित करेंगे। उद्घाटन समारोह में बच्चों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा