Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 05 जून (हि.स.)। राजस्थान उद्योग व्यापार महासंघ और टीपीएन सोल्यूशंस के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। एक्सपो का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने किया। उद्घाटन समारोह में उद्योग, व्यापार और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने कहा कि राजस्थान में खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से फूड इंडस्ट्री, कृषि उत्पादों के संवर्धन, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उद्योग जगत को नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
एक्सपो के दौरान जयपुर सांसद मंजू शर्मा, पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ तथा विधायक बालमुकुंदाचार्य ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर एग्जीबिटर्स, विजिटर्स और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन समारोह में राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. के.एल. जैन, फोर्टी के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, एमएसएमई के डिप्टी डायरेक्टर मधुकर शर्मा, कैट के प्रदेश महासचिव हेमंत प्रभाकर तथा किराना किंग के प्रबंध निदेशक अनूप खंडेलवाल भी उपस्थित रहे।
राजस्थान उद्योग व्यापार महासंघ के चेयरमैन डॉ. अरुण अग्रवाल और अध्यक्ष जगदीश सोमानी ने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े उद्योगपतियों, निर्माताओं, डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटर्स को एक मंच उपलब्ध कराना है, जिससे व्यवसाय विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसरों का सृजन हो सके।
एक्सपो के आयोजक और टीपीएन सोल्यूशंस के डायरेक्टर जितेंद्र गोयल ने बताया कि राजस्थान में पहली बार स्थानीय आयोजकों द्वारा इतने बड़े स्तर पर फूड बिजनेस एक्सपो आयोजित किया गया है। इससे पहले बाहरी इवेंट कंपनियां ऐसे आयोजन करती थीं। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन 3 हजार से अधिक ट्रेड बायर्स और विजिटर्स ने एक्सपो का दौरा किया, जो आयोजन की सफलता का प्रमाण है। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में गंभीर ट्रेड बायर्स प्रदर्शनी में पहुंच रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश