Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

विदेश से गैंगस्टरों के नाम पर कॉल करवाने का आरोप
फरीदाबाद, 16 जून (हि.स.)। उद्योगपतियों को विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नाम पर धमकी दिलवाने के मामले में कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस ने इंटेलिजेंस ब्यूरो में तैनात सब-इंस्पेक्टर सिकंदर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सिकंदर फरीदाबाद के मोटूका नगला गांव छायंसा का रहने वाला बताया जा रहा है और वह आईबी में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत था। पुलिस जांच में सामने आया है कि फरीदाबाद के कई उद्योगपतियों को विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नाम पर धमकी भरे कॉल और संदेश भेजे जा रहे थे। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सिकंदर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में फरीदाबाद पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। इससे पहले सेक्टर-9 निवासी दीपक गोयल को उद्योगपतियों को धमकी दिलवाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि दीपक गोयल को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक फरीदाबाद के करीब 8 से 10 उद्योगपतियों को धमकी दी जा चुकी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका संचालन किस तरह किया जा रहा था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच जारी है इस पूरे मामले के और कितने लोग शामिल है उसकी भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर