जींद : जमीन की सौदेबाजी कर 65 लाख हड़पे, दंपत्ति पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
रजिस्ट्री करवाने से मना करने तथा धमकी देने का आरोप
जुलाना थाना।


जींद, 16 जून (हि.स.)। जुलाना थाना पुलिस ने गांव देवरड़ में जमीन की सौदेबाजी कर 65 लाख रुपये हडपने पर दंपत्ति के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार काे बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव डिकाडला (पानीपत) निवासी पूजा माथुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव किलाजफरगढ़ निवासी सत्यवान तथा उसकी पत्नी सीमा से गांव देवरड़ में 53 कनाल 15 मरले जमीन का सौदा 44 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से 19 सितंबर 2025 को किया था। सौदा होने के साथ 35 लाख रुपये के चैक आरोपित सत्यवान तथा उसकी पत्नी सीमा के नाम दिए गए थे। दस लाख रुपये नगद दिए गए थे। जिसके साथ एग्रीमेंट दोनों के साथ कर लिया गया। दोनों पक्षों की सहमति के बाद दस अप्रैल 2026 को रजिस्ट्री करवाने की तारिख निर्धारित कर दी गई। विश्वास करके उसने 20 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से आरोपितों के खाते में डाल दिए गए। निर्धारित तारिख पर टोकन लेने के बाद जुलाना तहसील में आरोपितों से जमीन के दस्तावेज मांगे गए तो दोनों आरोपितों ने दस्तावेज देने से मना कर दिया।

जब उन्होंने जानकारी जुटाई तो जमीन उनके समेत छह लोगों के नाम पाई गई। आरोपितों ने सभी की सहमति करवाने की बात कही। जिसके बाद 30 अप्रैल को फिर रजिस्ट्री की तारखि निर्धारित की गई। बावजूद इसके आरोपित फिर से टालमटोल करने लगे। जब उसने आरोपितों पर दबाव डाला तो आरोपितों ने रजिस्ट्री करवाने तथा रुपये लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। मंगलवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना के जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने पूजा माथुर की शिकायत पर आरोपित सत्यवान तथा उसकी पत्नी सीमा के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा