Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 11 जून, (हि.स.)। गुवाहाटी के शिलपुखुरी सार्वजनिक नामघर में गुरुवार को न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिप्लुरंजन शर्मा का विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम में नामघर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें गामोछा, शराई और जापी भेंट कर अभिनंदन किया।
नामघर समिति के अध्यक्ष गणेश तामुली, महासचिव कुशल कुमार शर्मा, सहायक सचिव सतीश चंद्र चौधुरी, कोषाध्यक्ष भास्कर गोस्वामी तथा अन्य सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित समारोह में स्थानीय कर्णाचल विकास समिति, कर्णाचल महिला संघ सहित कई संगठनों ने विधायक का स्वागत किया।
अपने संबोधन में विधायक दिप्लुरंजन शर्मा ने न्यू गुवाहाटी क्षेत्र में कोचिंग सेंटर स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अपनी विधायक विकास निधि से शिलपुखुरी सार्वजनिक नामघर की तीसरी मंजिल पर निर्माणाधीन भोगघर और पुस्तकालय के लिए वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। साथ ही पुस्तकालय को डिजिटल स्वरूप प्रदान करने के लिए आवश्यक अनुदान हेतु राज्य सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद नवीन बोरा और जोनमणि डेका भी उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह का समापन शिलपुखुरी सार्वजनिक नामघर के उपाध्यक्ष ज्योतिर्मय (राखाल) गोस्वामी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश