Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 18 मई, (हि.स.)। राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब आवश्यक खाद्य सामग्रियों के दाम भी लगातार बढ़ने लगे हैं। चावल, दाल, अंडा और खाद्य तेल से लेकर लगभग हर जरूरी वस्तु की कीमत में वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं सब्जियों के बढ़ते दामों ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ा दी है।
व्यापारियों का कहना है कि ईंधन की कीमत बढ़ने से परिवहन लागत में इजाफा हुआ है, जिसका सीधा असर बाजार पर पड़ा है। थोक और खुदरा दोनों बाजारों में वस्तुओं के दाम बढ़ने से मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इधर, सब्जियों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर गृहिणियों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदना अब पहले की तुलना में अधिक कठिन हो गया है।
इस बीच, आम जनता ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों ने नियमित बाजार निरीक्षण और मूल्य नियंत्रण व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की भी अपील की है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश