Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बाड़मेर, 31 मई (हि.स.)। जिले में मानवता की मिसाल देखने को मिली, जहां ग्रामीणों ने कुत्तों के हमले से घायल हुए दो हिरणों की जान बचाई। ग्रामीण घायल हिरणों को अपने घर ले गए, उनका प्राथमिक उपचार किया और पूरी रात देखभाल की। सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। करीब 10 घंटे बाद विभाग की ओर से एक थ्री-व्हीलर टेम्पो भेजा गया, जिसके बाद देसी जुगाड़ से हिरणों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल दोनों हिरणों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे गालाबेरी कुंभावास गांव की है। ग्रामीण पपुराम जाणी ने बताया कि उनका साथी सवाईराम रात के समय बाइक से जा रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि कुछ कुत्तों ने दो हिरणों को घेर रखा है और उन पर हमला कर रहे हैं। कुत्ते हिरणों को बुरी तरह नोच रहे थे। यह देखकर दोनों ने तुरंत कुत्तों को भगाया और हिरणों को बचाया।
इसके बाद ग्रामीण विजय खोथ को वाहन लेकर मौके पर बुलाया गया। घायल हिरणों को वाहन में डालकर गांव में पपुराम जाणी के घर लाया गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर दोनों हिरणों का प्राथमिक उपचार किया और पूरी रात उनकी निगरानी करते रहे।
इस दौरान वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन विभाग की ओर से वाहन उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर सुबह आने को कहा गया।
सुबह फिर से वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद विभागीय टीम के बजाय एक निजी थ्री-व्हीलर टेम्पो और चालक मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायल हिरणों को ऐसे वाहन में ले जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि रास्ते में उनकी मौत भी हो सकती है। इस पर चालक ने कहा कि वह किराए पर आया है और वन विभाग का कर्मचारी नहीं है।
इसके बाद ग्रामीणों ने टेम्पो में ही देसी जुगाड़ कर हिरणों को बैठाने की व्यवस्था की। सीट के नीचे हिरणों को रखा गया और सीट को उलटकर रस्सियों की मदद से बांधा गया। एक ओर गेट और दूसरी ओर सब्जी रखने वाला कैरेट लगाकर सुरक्षित स्थान बनाया गया, जिसके बाद दोनों हिरणों को सिणधरी अस्पताल भेजा गया।
वन संरक्षक तेजाराम ने बताया कि शनिवार रात को कुत्तों के हमले में हिरणों के घायल होने की सूचना मिली थी, लेकिन रात में वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। रविवार सुबह दोनों हिरणों का रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि विभाग के पास सीमित वाहन होने के कारण हर स्थान पर तुरंत पहुंचना संभव नहीं हो पाता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित