प्रसार के राज्य स्तरीय जनसंपर्क सम्मान समारोह में जनसंपर्क कर्मियों का सम्मान
बीकानेर, 31 मई (हि.स.)। पब्लिक रिलेशंस एंड एलाइड सर्विसेज एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (प्रसार) की ओर से राज्य स्तरीय जनसंपर्क सम्मान समारोह का आयोजन रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिला उद्योग संघ सभागार में किया गया। समारोह में जनसंपर्क क्षेत्र में उल्
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सरकार और जनता के बीच का सशक्त सेतु : केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल


बीकानेर, 31 मई (हि.स.)। पब्लिक रिलेशंस एंड एलाइड सर्विसेज एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (प्रसार) की ओर से राज्य स्तरीय जनसंपर्क सम्मान समारोह का आयोजन रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिला उद्योग संघ सभागार में किया गया। समारोह में जनसंपर्क क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि जनसंपर्क विभाग सरकार का अत्यंत महत्वपूर्ण विभाग है। सरकार की रीति-नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व इसी विभाग पर है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क का कार्य चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण भी है।

अर्जुनराम मेघवाल ने प्रसार की सराहना करते हुए कहा कि विभाग की सेवा करने वाले दिवंगत अधिकारियों की स्मृति में सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मियों का सम्मान करना सराहनीय और प्रेरणादायी पहल है।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे प्रसार अध्यक्ष डॉ. हरि शंकर आचार्य ने बताया कि वर्ष 2019 से जनसंपर्क सम्मान प्रदान करने का क्रम निरंतर जारी है। उन्होंने जनसंपर्क विभाग के संभागीय कार्यालयों को सुदृढ़ करने तथा नवसृजित जिलों में जनसंपर्क अधिकारियों के पद सृजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि एवं बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास भी समारोह में उपस्थित रहे। वहीं कवि एवं कथाकार राजेंद्र जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह में घनश्याम गोस्वामी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक गोपाल शर्मा को प्रदान किया गया। किशन कुमार व्यास 'आजाद' स्मृति जनसंपर्क रत्न अवार्ड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की पूर्व सहायक निदेशक वीना करमचंदाणी को दिया गया। वहीं दिनेश चंद सक्सेना स्मृति युवा जनसंपर्क कर्मी सम्मान जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र सामरिया को प्रदान किया गया।

इस अवसर पर बीकानेर स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय तथा निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित इंस्टा वीडियो प्रतियोगिता ‘हरख बीकाणा’ के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। निर्विकल्प फाउंडेशन के फाउंडर डायरेक्टर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने प्रतियोगिता के उद्देश्यों और स्वरूप की जानकारी दी।

सम्मानित जनसंपर्क कर्मियों के अभिनंदन पत्रों का वाचन नितिन गोयल, प्रियांशु आचार्य तथा राजाराम स्वर्णकार ने किया। जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का संचालन गोपाल जोशी ने किया।

समारोह में श्याम पंचारिया, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, डॉ. गौरी शंकर प्रजापत, डॉ. अजय जोशी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष जुगल किशोर व्यास, एडवोकेट बसंत आचार्य, जितेंद्र व्यास, सुधीश शर्मा, निशु लिम्बा, राजेंद्र भार्गव, विजेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव