Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 31 मई (हि.स)। भारत और ओमान के बीच एक जून से वृहद आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) लागू होने जा रहा है। इसकी औपचारिक घोषणा सोमवार को दोनों देश करेंगे। इस समझौते के लागू होने से भारतीय वस्तुओं और सेवाओं को ओमान के बाजार में अधिक अवसर मिलेंगे तथा दोनों देशों के व्यापारिक संबंध और मजबूत होंगे।
भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) पर पिछले साल दिसंबर में हस्ताक्षर हुए थे। ये समझौता ओमान को भारत के निर्यात मूल्य के लगभग 99 फीसदी हिस्से पर लगभग पूर्ण शुल्क-मुक्त पहुंच प्रदान करता है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इसी महीने एक कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कहा था कि भारत और ओमान के बीच मुक्त व्यापार समझौता 1 जून से प्रभावी हो जाएगा, जिसके तहत भारत अगले पांच साल में 2 ट्रिलियन डॉलर मूल्य की वस्तुओं का निर्यात करने का लक्ष्य रख रहा है। गोयल ने ये भी बताया कि अन्य देशों के साथ कई मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) जल्द ही लागू किए जाएंगे, जिनकी कानूनी पुष्टि की प्रक्रिया चल रही है।
भारत ने 2014 से चार व्यापार समझौते लागू किए हैं, जिसमें मॉरीशस के साथ व्यापार समझौता अप्रैल, 2021 में लागू हुआ। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के साथ दिसंबर, 2022 में, यूएई के साथ मई, 2022 में और स्विट्जरलैंड, आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे के साथ अक्टूबर, 2025 में लागू हुआ। इसके अलावा भारत ने ब्रिटेन और न्यूजीलैंड के साथ भी व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर