Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू,, 31 मई (हि.स.)।
पुरमंडल के वार्ड नंबर-5 में पेयजल संकट गंभीर रूप से गहराता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। एससी मोहल्ला के निवासियों ने पीने के पानी की समस्या को लेकर विरोध जताते हुए जल शक्ति विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में दूषित और कीड़ेयुक्त पानी पीना पड़ रहा है जिससे स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गर्मी बढ़ने के कारण विभाग द्वारा बनाए गए डगवेल (कुएं) में जलस्तर काफी नीचे चला गया है जिससे पानी में गाद और गंदगी जमा हो गई है। इसके बावजूद उन्हें यही पानी उपयोग करने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है तथा कई लोग पहले ही स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।
निवासियों ने बताया कि कई बार जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मजबूरी में लोगों को निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है जिस पर लगभग 1500 रुपये तक का खर्च आ रहा है जो गरीब परिवारों पर अतिरिक्त बोझ बन गया है। लोगों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और उपायुक्त सांबा आयुषी सुदान से तत्काल हस्तक्षेप कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता