Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल पर तकनीकी कार्य के चलते 29 जून को कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा सूरतगढ़-लालगढ़ रेलखंड के लूणकरणसर व दुलमेरा स्टेशनों के बीच आरसीसी बॉक्स लॉन्चिंग कार्य किया जाएगा, जिसके कारण बिजली एवं यातायात ब्लॉक लिया रहेगा।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 14707 हनुमानगढ़-दादर रणकपुर एक्सप्रेस 29 जून को परिवर्तित मार्ग हनुमानगढ़-सादुलपुर-रतनगढ़-डेगाना-मेड़ता रोड होकर संचालित की जाएगी। परिवर्तित मार्ग के दौरान यह ट्रेन ऐलनाबाद, नोहर, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़, डेगाना सहित अन्य स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव करेगी। वहीं इस परिवर्तन के कारण ट्रेन पीलीबंगा, सूरतगढ़, लूणकरणसर, लालगढ़, बीकानेर, देशनोक, नोखा, नागौर व मारवाड़ मूंडवा स्टेशनों से होकर संचालित नहीं होगी। इसी प्रकार तकनीकी कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस जो 28 जून को ऋषिकेश से प्रस्थान करेगी, वह अपने प्रारंभिक स्टेशन से 90 मिनट देरी से रवाना होगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 19720 सूरतगढ़-जयपुर एक्सप्रेस 29 जून को सूरतगढ़ से 45 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी।
जोधपुर की दो ट्रेनों का घटप्रभा व बेलगावि स्टेशनों पर समय बदला
जोधपुर, 29 मई (हि.स.)। रेलवे द्वारा जोधपुर से चलने वाली दो ट्रेनों के मार्ग में स्थित घटप्रभा एवं बेलगावि स्टेशनों पर संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया जा रहा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 20693 जोधपुर-बेंगलुरु जो 25 जुलाई से जोधपुर से प्रस्थान करेगी, वह मार्ग के घटप्रभा स्टेशन पर परिवर्तित समयानुसार सुबह 8.28 बजे पहुंचेगी तथा 8.30 बजे रवाना होगी। वहीं बेलगावि स्टेशन पर यह ट्रेन 9.35 बजे आगमन एवं 9.40 बजे प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 16533, जोधपुर-बेंगलुरू रेलसेवा जो 29 जुलाई से जोधपुर से रवाना होगी, वह मार्ग के बेलगावि स्टेशन पर परिवर्तित समयानुसार सुबह 9.35 बजे पहुंचेगी तथा 9.40 बजे प्रस्थान करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश