Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 26 मई (हि.स.)। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जयपुर प्रथम जिले में 31 मई तक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों पर एएनएम और आशा सहयोगिनियों द्वारा तम्बाकू निषेध संबंधी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि अभियान के दौरान आमजन को बीड़ी, सिगरेट, जर्दा, खैनी, गुटखा एवं अन्य तम्बाकू उत्पादों से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही तम्बाकू सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक नुकसान की जानकारी देकर लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समुदाय स्तर पर रैलियां, प्रभात फेरियां और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से लोगों तक संदेश पहुंचाया जाएगा। आशा एवं एएनएम द्वारा वीएचएसएनसी और महिला आरोग्य समिति की बैठकों में भी तम्बाकू निषेध विषय पर विशेष चर्चा की जाएगी।
अभियान के तहत तम्बाकू सेवन करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें परामर्श एवं आवश्यक रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा जरूरतमंदों को उपचार के लिए निकटतम डेंटल क्लिनिक में रेफर किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर निगरानी व्यवस्था भी सुनिश्चित की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश