Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 26 मई (हि.स.)। प्रदेश का पहला आदर्श स्ट्रीट वेंडिंग जोन जयपुर में बनेगा। नगर निगम ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। आदर्श स्ट्रीट वेंडिंग जोन के लिए नगर निगम ने जवाहर नगर में जगह चिन्हित कर ली है। आगामी समय में वेंडिंग जोन में व्यापार करने वालों से एक निर्धारित शुल्क भी वसूला जाएगा। इसका फैसला टीवीसी की कमेटी द्वारा लिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम जवाहर नगर में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के सामने आदर्श स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाएगा। स्ट्रीट वेंडिंग जोन करीब 200 फीट लम्बी जगह पर बनाया जाएगा। वर्तमान में यहां पर 50 से 60 ठेले लगाए जा रहे है। आदर्श स्ट्रीट वेंडिंग जोन को एक रुपता दी जाएगी। कचरे के लिए दो डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। निगम द्वारा स्ट्रीट वेंडिंग जोन को लेकर पहला प्रयोग किया जा रहा है। इसके सफल होने के बाद सात अन्य जगहों पर भी आदर्श स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाए जाएंंगे।
डे एन्युएलम डीसी श्याम जांगिड ने बताया कि शहर में आदर्श स्ट्रीट वेडिंग जाेन बनाए जाएंगे। इसमें रंग, रुप सहित कई प्रकार की समानता हाेगी। यह दाे पारियाें में लगाए जाने की याेजना बनाई जा रही है।
आदर्श स्ट्रीट वेडिंग जोन में पहले सिविल वर्क करवाया जाएगा। यहां पर आने वाले ग्राहकों के लिए पार्किंंग सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएगी। यहां पर अलग-अलग पारी में ठेले लगाए जाएंगे। सुबह 6 से 2 और 4 से 10 बजे के बीच ठेले लगाए जाएंगे। इसके पीछे जरुरत और मांग के हिसाब से व्यापार करने वालों को मौका देना है। सुबह हल्का नाश्ता, ज्यूस सहित अन्य सामान की बिक्री होती है तो शाम को चाट-पकौडे सहित अन्य सामान की। उसी हिसाब से यहां पर ठेला लगाने की परमिशन दी जाएगी। आदर्श स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाने के बाद ठेला लगाने वालों से आवेदन मांगे जाएंगे। आवेदन ज्यादा आने पर लॉटरी निकाली जाएगी। इसके लिए सर्वे किया गया है और सर्वे के आधार पर व्यापार तय किया गया। विशेष बात यह है कि यहां पर जोन स्ट्रीट वेंडर पहले से ठेला लगा रहे है उन्हें लॉटरी या जगह आंवटन में प्राथमिकता दी जाएगी। वसूला जाएगा एक निर्धारित शुल्क आदर्श स्ट्रीट वेंडिंग जोन में ठेला लगाने या व्यापार करने वालों से एक निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। शुल्क के लिए टीवीसी कमेटी का गठन किया जाएगा तो शुल्क का निर्धारण करेंगी। यहां पर निगम रात्रिकालीन लाइट, फुटपाथ सहित अन्य सुविधाएं विकसित करेगा।
जयपुर में रेहड़ी-पटरी वालों को व्यवस्थित करने के लिए मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 27 वेंडिंग जोन चिन्हित किए गए हैं। इन जोनों में वेंडर्स को बिना किसी गारंटी के आसान लोन और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन वेंडिंग जोनों के माध्यम से लगभग 5,003 स्ट्रीट वेंडर्स को सीधा लाभ मिलेगा। योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को बिना किसी गारंटर के 10,000 रुपये का ऋण दिया जाएगा। समय पर ऋण चुकाने वाले वेंडर्स को इसे बढ़ाकर 20,000 रुपये और बाद में 50,000 रुपये तक करने की सुविधा मिलेगी?
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश