Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 26 मई (हि.स.)। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा राजस्थान सरकार की मासिक पत्रिका ‘सुजस’ में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं के सम्मान में मंगलवार को विशेष सम्मान समारोह एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विजेताओं को सम्मानित करने के साथ उनसे संवाद कर उनके अनुभव भी साझा किए गए।
समारोह में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त राकेश शर्मा ने विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रकाशित साहित्य सामग्री भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर आयुक्त राकेश शर्मा ने कहा कि ‘सुजस’ पत्रिका राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और समसामयिक विषयों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जरिए युवाओं और पाठकों में न केवल ज्ञानवर्धन हो रहा है, बल्कि उनमें जागरूकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित हो रही है।
उन्होंने विजेताओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनके अनुभव सुने तथा उन्हें निरंतर अध्ययन, पठन-पाठन और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। विजेताओं ने बताया कि सुजस ई-बुलेटिन और पत्रिका के माध्यम से उन्हें राजस्थान के इतिहास, कला-संस्कृति, सरकारी योजनाओं और समसामयिक विषयों की प्रमाणिक जानकारी एक ही मंच पर मिल जाती है।
प्रतिभागियों ने कहा कि क्विज प्रतियोगिता ने उनके सामान्य ज्ञान को मजबूत करने के साथ-साथ पढ़ने की रुचि भी बढ़ाई है। कई प्रतिभागियों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। समारोह में झालावाड़ के राकेश कुमार लववंशी, कोटा के अंकित मालव, जयपुर के कमल वर्मा, कुचामन-डीडवाना के रामस्वरुप मिर्धा, चूरू के सांवरमल सिहाग, जयपुर की नीलम सवाई सिंह जग्गुका तथा शुभम कुमार शर्मा सहित अन्य विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) गोरधनलाल शर्मा, अतिरिक्त निदेशक (पत्र पंजीयन) नर्बदा इंदौरिया, वित्तीय सलाहकार रोहताश सिंह यादव तथा सुजस के संपादक अजय कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं सुजस टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों और अधिकारियों के बीच सकारात्मक संवाद का माहौल रहा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की इस पहल को युवाओं में अध्ययन और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित