Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स)। केंद्र सरकार ने इंडियन मेडिसिन्स फार्मास्यूटिकल्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईएमपीसीएल) को खरीदने के लिए स्काईमैप फार्मास्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड की 121 करोड़ रुपये की बोली को मंजूरी दे दी है।
वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि स्काईमैप फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड को आयुष मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत आने वाली एक केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम (सीपीएसई) इंडियन मेडिसिन्स फार्मास्युटिकल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईएमपीसीएल) के विनिवेश के लिए 'रणनीतिक खरीदार' के रूप में मंज़ूरी दी गई है। यह रणनीतिक विनिवेश लेन-देन को बहुस्तरीय परामर्शी निर्णय प्रणाली द्वारा समर्थित दो-चरण की प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से कार्यान्वित किया गया है।
मंत्रालय के मुताबिक आर्थिक मामलों पर कैबिनेट समिति (सीसीईए) द्वारा अधिकृत मंत्रियों के एक समूह यानी उस वैकल्पिक प्रणाली ने इंडियन मेडिसिन फार्मास्युटिकल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईएमपीसीएल) की शत-प्रतिशत इक्विटी शेयरधारिता की बिक्री और प्रबंधन नियंत्रण के हस्तांतरण के लिए मेसर्स स्काईमैप फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड की 121,00,94,400 रुपये (एक सौ इक्कीस करोड़ चौरानवे हजार चार सौ रुपये मात्र) की उच्चतम बोली को मंजूरी दे दी है। इस समूह में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री, वित्त मंत्री और आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि आईएमपीसीएल की स्थापना 12 जुलाई, 1978 को मानकीकृत आयुर्वेदिक और यूनानी औषधियों के निर्माण और आपूर्ति के प्रमुख उद्देश्य से की गई थी। सीसीईए ने नवंबर 2017 में दो चरणों की बोली प्रक्रिया के माध्यम से चुने जाने वाले एक रणनीतिक खरीदार को आईएमपीसीएल की संपूर्ण इक्विटी शेयरधारिता के रणनीतिक विनिवेश के लिए 'सैद्धांतिक' स्वीकृति प्रदान की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर