Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अजमेर 26 मई (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार अजमेर उत्तर ब्लॉक ए व उत्तर ब्लॉक बी कांग्रेस कमेटी की ओर से पेट्रोल डीजल व गैस के बढ़ते दामों, आपूर्ति में कमी, बेतहाशा बढ़ती महंगाई, नीट पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, अजमेर में अनियमित व अपर्याप्त पेयजल आपूर्ति आदि समस्याओं को लेकर आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ व पूर्व विधायक डॉ श्रीगोपाल बाहेती के नेतृत्व में ज्योतिबा सर्किल से अंबेडकर सर्किल होते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक भाजपा सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला और कलेक्ट्रेट के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इस दौरान राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर लोकबंधु को ज्ञापन दिया तथा विशेषकर पेयजल समस्या की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया।
कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को बताया कि अजमेर के अधिकांश क्षेत्रों में 4 से 5 दिन में बहुत कम प्रेशर से पेयजल सप्लाई की जा रही है, एक सप्ताह में इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस द्वारा उग्र आंदोलन किया जायेगा जिला कलेक्टर ने इस संबंध में शीघ्र कार्यवाही करने का आश्वासन दिया ।
कांग्रेस कमेटी अजमेर उत्तर ब्लॉक के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल व वाहिद मोहम्मद ने यह जानकारी दी कि धर्मेंद्र राठौड़ व डॉ श्रीगोपाल बाहेती के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम दिये ज्ञापन में बताया कि पूरे देश में पेट्रोल - डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों के कारण आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस, पानी व बिजली की आपूर्ति में कमी के कारण प्रदेशवासियों को अपने दैनिक जीवन के निर्वहन में भारी कठिनाइयों को सामना करना पड़ रहा है। महंगाई बेलगाम हो गयी है आम आदमी को अपने परिवार के पालन पोषण,दैनिक आवश्यकता की वस्तुओं को अर्जित करना दूभर हो गया है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है किंतु इन समस्याओं का समाधान करना सरकार की नीतियों में नहीं है केवल दिखावे और इवेंटमेंट - मैनेजमेंट जैसे कार्य सरकार द्वारा किये जा रहे हैं। नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण देश और प्रदेश के छात्र छात्राओं के हितों के साथ खिलवाड़ करने का काम भाजपा ने किया है परंतु आज तक सरकार में बैठे हुए किसी जिम्मेदार पर कार्यवाही नहीं हुई है।
भीषण गर्मी के समय भी अजमेर में 72 घंटे के अंतराल से मात्र 30 मिनट बहुत कम प्रेशर से पेयजल सप्लाई दी जा रही है जबकि बीसलपुर बाँध व फाइसागर तालाब पूरा भरा हुआ है । पेयजल की कम आपूर्ति की वजह से अजमेर के निवासियों को काफी परेशानी का सामान करना पड़ रहा है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष