Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



जयपुर, 26 मई (हि.स.)। पेट्रोल—डीजल और रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में मंगलवार को प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट सर्किल पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार का पुतला दहन कर महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “पी गई पेट्रोल, खा गई तेल, महंगाई बढ़ाने का बीजेपी का खेल”, “पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर की मार से रो रहे लोग” और “महंगाई वृद्धि वापस लो” जैसे नारे लगाए।
खाचरियावास ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर आम जनता की जेब पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग महंगाई की मार से परेशान है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार उन्हें भूल गई। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी रोटी, गैस और पेट्रोल के खर्च से टूट चुका है और लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है।
खाचरियावास ने चेतावनी दी कि यदि पेट्रोल—डीजल और गैस सिलेंडर के दाम कम नहीं किए गए तो कांग्रेस का आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश