Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 25 मई (हि.स.)। गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज जम्मू द्वारा जोन भलवाल के अंतर्गत आने वाले गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल भलवाल और गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल घरोटा में एडमिशन जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कॉलेज में उपलब्ध विभिन्न डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं नॉन-इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश संबंधी जानकारी प्रदान करना था। यह जागरूकता कार्यक्रम कॉलेज के प्रिंसिपल इंजीनियर तालेत महमूद के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान फैकल्टी सदस्यों इंजीनियर महमूद अहमद, इंजीनियर सुनील भट्टी, इंजीनियर अंकुश वर्मा और इंजीनियर विक्की शर्मा की टीम ने स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद किया।
इस अवसर पर इंजीनियर विक्की शर्मा ने कहा कि पॉलिटेक्निक शिक्षा विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान विद्यार्थियों को सही करियर विकल्प चुनने और तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पॉलिटेक्निक शिक्षा की उपयोगिता, कौशल विकास, तकनीकी दक्षता, नवाचार और स्वरोजगार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही कॉलेज में उपलब्ध विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों, आधुनिक प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण सुविधाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं, प्लेसमेंट अवसरों और भविष्य की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।
दोनों स्कूलों के प्रिंसिपलों और स्टाफ सदस्यों ने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज जम्मू की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण स्तर पर विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा और रोजगार संबंधी जागरूकता बढ़ेगी। कार्यक्रम का समापन एक संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, छात्रवृत्ति, हॉस्टल सुविधाओं और तकनीकी क्षेत्र में करियर संभावनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा