Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पाली, 21 मई (हि.स.)। पाली और जालोर जिले के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। भुज-दिल्ली रेगुलर ट्रेन सेवा 22 मई से शुरू होने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव गुरुवार शाम को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नई ट्रेन सेवा शुरू होने की खुशी में पाली रेलवे स्टेशन को तिरंगा थीम में विशेष रूप से सजाया जा रहा है।
पाली रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
प्लेटफॉर्म पर विशेष स्टेज बनाया जा रहा है और यात्रियों व अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। स्टेशन परिसर को रंग-रोगन, आकर्षक लाइटिंग और आर्टिफिशियल फूलों से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा स्टेशन उत्सव जैसा नजर आने लगा है।
रेलवे अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गुरुवार को रेलवे अधिकारियों ने विशेष ट्रेन से पाली पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील भंडारी, भाजपा प्रवक्ता त्रिलोक चौधरी, रितेश छाजेड़, अभिषेक दुग्गड़ और राहुल मेवाड़ा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
भाजपा प्रवक्ता तिलोक चौधरी के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सुबह दिल्ली से रवाना होकर जोधपुर पहुंचेंगे। इसके बाद शाम चार बजे जालोर में आयोजित कार्यक्रम में भुज-दिल्ली ट्रेन संख्या 19403/19404 को हरी झंडी दिखाएंगे। वहां से वे पाली पहुंचेंगे और शाम करीब 7:30 बजे पाली रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेन सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद रात में विशेष ट्रेन से जयपुर रवाना होंगे।
पाली और जालोर क्षेत्र के लोग वर्षों से दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे। पिछले साल पाली दौरे के दौरान रेल मंत्री ने इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया था। इसके बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और सांसद पीपी चौधरी लगातार इस मांग को लेकर प्रयास कर रहे थे।
अब भुज-दिल्ली रेगुलर ट्रेन शुरू होने से पाली, जालोर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और यात्रियों की आवाजाही को भी नया बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित