Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 21 मई (हि.स.)। नगर निगम जयपुर ने शहर में नियमों की पालना सुनिश्चित करने और नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाकर मैरिज गार्डनों और डेयरी बूथों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के तहत पार्किंग व्यवस्था में अनियमितता पाए जाने पर चार मैरिज गार्डनों को सीज किया गया, जबकि तंबाकू उत्पाद बेचने वाले डेयरी बूथ संचालकों के खिलाफ चालान बनाए गए।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशानुसार मानसरोवर जोन में यह विशेष अभियान चलाया गया। उपायुक्त मानसरोवर जोन लक्ष्मीकांत कटारा के नेतृत्व में राजस्व अधिकारी, राजस्व टीम और सतर्कता शाखा ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न विवाह स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चार विवाह स्थलों में नियमानुसार 25 प्रतिशत पार्किंग व्यवस्था नहीं मिलने पर उन्हें सीज कर दिया गया। कार्रवाई की जद में आए विवाह स्थलों में स्वर्ण गार्डन, बालाजी पैलेस, के.के. पैराडाईज और उत्सव मैरिज गार्डन शामिल हैं। अभियान के दौरान पांच डेयरी बूथों पर तंबाकू उत्पादों की बिक्री भी पाई गई, जिसके बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है, ताकि जयपुर को एक व्यवस्थित और अनुशासित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश