जनजातीय क्षेत्रों में अवैध धर्मांतरण पर होगी सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
बांसवाड़ा, 21 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनजातीय क्षेत्रों में अवैध धर्मांतरण की गतिविधियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों और राजनीतिक गतिविधियों में शामिल सरकारी कर्मचारियों
बैठक में उपस्थित अधिकारी


बांसवाड़ा जिला कलेक्टर सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा


बांसवाड़ा, 21 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनजातीय क्षेत्रों में अवैध धर्मांतरण की गतिविधियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों और राजनीतिक गतिविधियों में शामिल सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुवार को बांसवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं, अभियानों और नवाचारों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ संवेदनशीलता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सुशासन के संकल्प को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा नगर परिषद आयुक्त दुर्गेश सिंह रावल की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वायत्त शासन विभाग ने उन्हें तत्काल एपीओ (पदस्थापन की प्रतीक्षा में) करने के आदेश जारी कर दिए। जल प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि माही नदी के पानी की एक-एक बूंद का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सिंचाई और पेयजल के लिए प्रभावी प्रबंधन करने, वर्षा ऋतु से पूर्व नहरों और तालाबों की सफाई कराने तथा मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत स्थायी महत्व के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में मुख्यमंत्री ने जिले में पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से 11-11 हजार चंदन के पौधे लगाकर “चंदन वन” विकसित करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बांसवाड़ा क्षेत्र में पर्यटन और कृषि विकास की व्यापक संभावनाएं हैं और राज्य सरकार किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से इन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर जनजातीय क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक कैलाश मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, जिला कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत सिंह यादव तथा जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष