Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया संकट एवं कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट से उबरकर बढ़त के साथ बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में उछाल से बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 117 अंक उछला, जबकि निफ्टी में 41 अंक की तेजी रही।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 117.54 अंक यानी 0.16 फीसदी की उछाल के साथ 75,318.39 के स्तर पर बंद हुआ। आज कारोबार के दौरान एक समय यह 671.44 अंक यानी 0.89 फीसदी टूटकर 74,529.41 के स्तर तक आ गया था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 41 अंकों यानी 0.17 फीसदी की तेजी के स्तर 23,659 पर पहुंच गया। आज के कारोबार में ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही।
30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स की कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.83 फीसदी उछला। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी बढ़त में रहे। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा, इटर्नल और टाटा स्टील के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
वहीं, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब दो फीसदी गिरकर 109 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। एशिया के अन्य शेयर बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में तेजी के रुख के साथ कारोबार कर रहे थे।
विश्लेषकों के मुताबिक, कच्चे तेल और रुपये में कमजोरी से जुड़ी चिंताओं के बावजूद कारोबारी सत्र के अंतिम घंटे की लिवाली ने शेयर बाजार को समर्थन देने का काम किया। जानकारों ने बताया कि अंतिम घंटे की खरीदारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में उछाल से बुधवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट से उबरकर बंद हुए।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 114.19 अंक यानी 0.15 फीसदी की गिरावट के साथ 75,200.85 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 31.95 अंक यानी 0.14 फीसदी लुढ़क कर 23,618 अंक पर रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर