जेएनवीयू की नई पहल, बीकॉम बीएफएसआई एईडीपी कोर्स लॉन्च
जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। उच्च शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के बीएफई विभाग द्वारा यूजीसी की नई पहल एईडीपी के तहत बीकॉम (बीएफएसआई- बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एण्ड इंश्योरेंस) पाठ्यक
jodhpur


जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। उच्च शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के बीएफई विभाग द्वारा यूजीसी की नई पहल एईडीपी के तहत बीकॉम (बीएफएसआई- बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एण्ड इंश्योरेंस) पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इस अभिनव कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह कोर्स विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है जो बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। पाठ्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें विद्यार्थियों को दो वर्ष का अकादमिक अध्ययन तथा एक वर्ष का उद्योग आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण के साथ-साथ उद्योग जगत में वास्तविक कार्य अनुभव भी मिलेगा। इससे छात्र-छात्राओं को बैंकिंग, वित्तीय संस्थानों और बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली की व्यावहारिक समझ विकसित होगी तथा रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा शुरू किया गया यह कार्यक्रम नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिग्री के साथ-साथ कौशल और उद्योग अनुभव प्रदान करना है। इस कोर्स के माध्यम से विद्यार्थी पढ़ाई पूरी करते ही रोजगार के लिए अधिक सक्षम बन सकेंगे।

प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ

बीएफई विभागाध्यक्ष प्रोफेसर कृष्ण अवतार गोयल ने बताया कि इस रोजगारपरक पाठ्यक्रम में प्रवेश शुरू हो चुके हैं। इच्छुक विद्यार्थी विभाग से संपर्क कर पाठ्यक्रम, पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बीकॉम (बीएफएसआई) पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को डिग्री के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योग अनुभव प्रदान करेगा। यह कार्यक्रम युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा।

यह कोर्स उन विद्यार्थियों के लिए एक उत्कृष्ट अवसर है जो पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ उद्योग अनुभव प्राप्त कर बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में मजबूत करियर बनाना चाहते हैं। ऐसे में भारत में बैंकिंग, फिनटेक, निवेश, बीमा और वित्तीय सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। ऐसे में बी.कॉम. (बीएफएसआई) पाठ्यक्रम छात्रों को इस क्षेत्र की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश