Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट ने ईंधन संरक्षण एवं अनावश्यक यात्रा कम करने के उद्देश्य से 22, 26 और 27 मई को न्यायिक कार्यवाही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था के तहत जोधपुर मुख्य पीठ एवं जयपुर बेंच में वर्चुअल मोड पर सुनवाई की जाएगी।
हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह निर्णय बार एसोसिएशनों से चर्चा के बाद लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था से अधिवक्ताओं, पक्षकारों और आमजन की यात्रा कम होगी, जिससे ईंधन की बचत के साथ समय की भी बचत हो सकेगी।
हाईकोर्ट ने अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई में शामिल होकर ईंधन बचत अभियान में सहयोग करें। हालांकि, फिजिकल हियरिंग पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रहेगा और आवश्यक मामलों में प्रत्यक्ष सुनवाई पूर्ववत जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश