जनगणना के लिए आमजन से सहयोग की अपील
जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। जनगणना-2027 का प्रथम चरण 16 मई से प्रारम्भ हो चुका है। प्रारम्भिक तीन दिनों में प्रगणकों द्वारा आवंटित एचएलबी/ब्लॉकों के नजरी नक्शे तैयार किए गए तथा अब घर-घर जाकर प्रत्येक मकान का अंकन कर 34 प्रश्नों की प्रश्नावली के माध्यम स
jodhpur


जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। जनगणना-2027 का प्रथम चरण 16 मई से प्रारम्भ हो चुका है। प्रारम्भिक तीन दिनों में प्रगणकों द्वारा आवंटित एचएलबी/ब्लॉकों के नजरी नक्शे तैयार किए गए तथा अब घर-घर जाकर प्रत्येक मकान का अंकन कर 34 प्रश्नों की प्रश्नावली के माध्यम से डाटा संकलन का कार्य किया जा रहा है।

प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने आमजन से अपील की है कि वे मकान सूचीकरण कार्य के लिए घर-घर आने वाले प्रगणकों को पूर्ण सहयोग प्रदान करते हुए सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रगणकों द्वारा किसी भी प्रकार की आईडी, आईडी नंबर, फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान अथवा ओटीपी जैसी निजी जानकारी नहीं ली जाएगी। आमजन से भी अनुरोध किया गया है कि वे इस प्रकार की निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें।

उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर केन्द्र एवं राज्य सरकारों द्वारा विभिन्न विकास योजनाएं, आधारभूत सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण किया जाता है। जनगणना प्रक्रिया में एकत्रित समस्त जानकारी जनगणना अधिनियम-1948 के अंतर्गत पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।

जिला कलक्टर ने आमजन से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों से दूर रहने की भी अपील की है। उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, जोधपुर मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि जनगणना-2027 भारत में आयोजित होने वाली 16वीं तथा स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद की 8वीं जनगणना है। इसके अंतर्गत प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर पूछी जा रही प्रश्नावली के उत्तर देना प्रत्येक गृहस्वामी के लिए अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि 34 प्रश्नों की प्रश्नावली में भवन एवं आवास संबंधी जानकारी एकत्रित की जा रही है, जिसमें गृहस्वामी का नाम, मकान का प्रकार (कच्चा/पक्का), आंगन, दीवार एवं छत का प्रकार, शौचालय की उपलब्धता, उपयोग में आने वाले ईंधन, इंटरनेट, वाहन एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश