Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पानीपत, 06 मार्च (हि.स.)। पानीपत की बेटी श्रेया ने यूपीएससी में 114वां स्थान पाया है। इससे श्रेया के परिवार में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। संघ लोक सेवा आयोग के आए नतीजों में पानीपत की श्रेया गुप्ता को 114वीं रैंक मिली है।
श्रेया गुप्ता ने शुक्रवार काे इस उपलब्धि का श्रेय अपनी खुद की मेहनत और माता पिता को दिया है। मॉडल टाउन की रहने वाली श्रेया गुप्ता ने बताया कि यूपीएससी में यह उनका दूसरा प्रयास था। पहले प्रयास में मिली असफलता से उन्होंने हार नहीं मानी, बल्कि अपनी खामियों से सीख लेकर दोगुनी मेहनत के साथ तैयारी शुरू की। उन्होंने कहा कि उनकी यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो पहली बार में सफल न होने पर हताश हो जाते हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कोई भी कोचिंग नहीं ली अपितु खुद ही अपने पर भरोसा कर तैयारी शुरू की और ऑनलाइन पढ़ाई की, पढ़ाई के दौरान उन्होंने खुद को हमेशा सोशल मीडिया और मोबाइल फोन से पूरी तरह दूर रखा। उन्होंने यूपीएससी की तैयारी से पूर्व एक सटीक टाइम टेबल और दिनचर्या का चार्ट बनाकर उसपर अमल किया। जिस कारण समय का सदुपयोग और निरंतरता ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
उनके पिता पानीपत में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। जिस कारण घर में शुरू से ही अनुशासन का माहौल रहा, इसी कारण श्रेया को प्रशासनिक सेवाओं में जाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परीक्षार्थियों को सफ़ल होने का मूल मंत्र दिया कि कोई भी परीक्षा देने से पूर्व खुद में आत्मविशास पैदा करना ओर अपने ध्यान को अपने निशाने पर केंद्रित करना ही सफलता की कुंजी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा