Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बक्सर, 06 मार्च (हि.स.)। बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम सड़क हादसे में सास और बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चालक और एक छोटा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार महिलाओं को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार लोग अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। ट्रक की चपेट में आने से सास और बहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल मोटरसाइकिल चालक मदन पासवान और एक बच्चे को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए भेजा गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हूकहा गांव के पास ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने चालक के साथ मारपीट की और ट्रक के शीशे तोड़ दिए। घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी शंभु भगत ने बताया कि मृत महिलाएं इटाढ़ी थाना क्षेत्र के जलवासी गांव निवासी भगवंत पासवान की पत्नी और बहू हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा