Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सोनीपत, 06 मार्च (हि.स.)। सोनीपत में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षा बारहवीं कक्षा की इतिहास और जीव विज्ञान की परीक्षा के दौरान नकल कराने का मामला
सामने आया है। गांव कटवाल स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर खड़ी एक कार में बैठकर तीन
महिला शिक्षिकाएं प्रश्नपत्र हल करती पकड़ी गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को
पकड़ लिया और उनके पास से मोबाइल फोन तथा हस्तलिखित पर्चियां बरामद कीं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार
को बारहवीं कक्षा की इतिहास और जीव विज्ञान की परीक्षा चल रही
थी। इसी दौरान शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष की विशेष दल को सूचना मिली कि परीक्षा केंद्र
के बाहर एक कार में बैठकर कुछ लोग प्रश्नपत्र हल कर रहे हैं। सूचना मिलते ही केंद्र
पर तैनात पुलिस दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार को घेर लिया। जांच के दौरान कार में
बैठी तीनों शिक्षिकाएं मोबाइल फोन की सहायता से प्रश्नपत्र हल करती मिलीं। पुलिस ने जब मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें उसी समय चल रही इतिहास और जीव विज्ञान
परीक्षा के सभी सेटों के प्रश्नपत्रों की तस्वीरें तथा उनके हस्तलिखित उत्तर पाए गए।
साथ ही कार से कई हस्तलिखित पर्चियां भी बरामद हुईं, जिनमें प्रश्नों के उत्तर लिखे
हुए थे। जांच में सामने आया कि पकड़ी गई तीनों शिक्षिकाएं गांव कटवाल स्थित एक निजी
विद्यालय में कार्यरत हैं। उसी विद्यालय के कई विद्यार्थी उसी परीक्षा केंद्र में परीक्षा
दे रहे थे। पुलिस को आशंका है कि शिक्षिकाएं कार में बैठकर प्रश्नपत्र हल कर रही थीं
और किसी माध्यम से परीक्षा कक्ष में बैठे विद्यार्थियों तक उत्तर पहुंचाने की कोशिश
कर रही थीं।
घटना
की जानकारी मिलते ही परीक्षा केंद्र अधीक्षक ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। इसके आधार
पर पुलिस ने तीनों शिक्षिकाओं को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस
यह भी जांच कर रही है कि प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र से बाहर कैसे पहुंचा और क्या इस
मामले में केंद्र के अंदर तैनात किसी कर्मी की मिलीभगत भी है। बरामद मोबाइल फोन और
दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना