Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जींद, 06 मार्च (हि.स.)। समाधान प्रकोष्ठ से संबंधित लंबित शिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निपटान के लिए सीटीएम मोनिका रानी ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। सीटीएम ने बताया कि जिले में अब तक कुल 10 हजार 448 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जिनमें से 8541 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है जबकि 143 शिकायतों पर कार्रवाई प्रगति पर है।
सीटीएम मोनिका रानी ने शुक्रवार काे कहा कि शेष शिकायतों का भी निपटान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार और गुरुवार को जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं उपस्थित होकर आमजन की समस्याएं सुनते हैं तथा उनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आमजन को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान कर रहे हैं और प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को इन शिविरों का लाभ मिले। इस अवसर पर एसडीएम सत्यवान मान, डीएमसी सुरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सीटीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों से संबंधित लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समय-समय पर अपनी आंतरिक समीक्षा बैठकें आयोजित करते रहें। जिससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और लंबित मामलों का प्रभावी तरीके से निपटान हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा