Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बक्सर, 06 मार्च (हि.स.)।
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में पंचायती राज विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुयी।
इस दौरान डीएम ने सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायतों में मोक्ष धाम निर्माण के लिए प्रस्ताव जल्द भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित स्थलों पर कबीर अंत्येष्टि योजना का लाभ, शवदाह पर्ची तथा मृत्यु प्रमाण पत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। कार्य में शिथिलता पाए जाने पर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सिमरी और डुमरांव से कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में 15वीं वित्त आयोग और 6वीं राज्य वित्त आयोग के तहत कम राशि खर्च करने वाले प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों तथा सबसे कम खर्च करने वाले पंचायत सचिवों से भी स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया। पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
कन्या विवाह मंडप योजना के तहत जिले की 32 पंचायतों में निर्माण स्वीकृत हुआ है। जिन स्थानों पर एनओसी मिल चुकी है, वहां शीघ्र कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया। साथ ही खराब सोलर स्ट्रीट लाइट के मामले में संबंधित एजेंसी से दंड राशि वसूली करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में सभी अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा