Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सारण, 06 मार्च (हि.स.)। जिले में कालाजार उन्मूलन के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए अब आशा कार्यकर्ता प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर कालाजार, पीकेडीएल और एचआईवी-वीएल के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्ष 2021 से 2025 तक जिन क्षेत्रों में कालाजार के मरीज मिले हैं, वहां विशेष अभियान चलेगा। एक चिन्हित मरीज के घर के चारों ओर स्थित 200 से 250 घरों का सर्वे किया जाएगा। आशा कार्यकर्ता प्रतिदिन अधिकतम 50 घरों का दौरा करेंगी। 15 दिनों से अधिक का बुखार, भूख की कमी और पेट के असामान्य बढ़ने जैसे लक्षणों वाले संदिग्धों की आरके-39 किट से जांच कराई जाएगी।
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ भूपेंद्र कुमार ने बताया कि सर्वे कार्य पूरा करने पर आशा कार्यकर्ताओं को 200 रुपये और फैसिलिटेटर को 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पूर्व में कालाजार से ठीक हो चुके मरीजों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी ताकि पुनरावृत्ति की स्थिति में त्वरित इलाज मिल सके। अभियान की सफलता के लिए ग्राम पंचायत के मुखिया का भी सहयोग लिया जाएगा। सर्वे की दैनिक रिपोर्ट जिला कंट्रोल रूम को भेजी जाएगी और पॉजिटिव मरीजों के क्षेत्रों में तत्काल फोकल स्प्रे कराया जाएगा ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार