Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इटानगर, 06 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के 8वें सत्र का सात दिवसीय बजट सत्र आज आरंभ हुआ।
बजट सत्र के पहले दिन सदन में कुल सात महत्वपूर्ण सरकारी विधेयक पेश किए गए, जिनमें अरुणाचल प्रदेश वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2026, अरुणाचल प्रदेश स्थानीय प्राधिकरण (दल-बदल निषेध) (संशोधन) विधेयक, 2026, अरुणाचल प्रदेश शहरी एवं ग्रामीण योजना (संशोधन) विधेयक, 2026, अरुणाचल प्रदेश अग्नि एवं आपातकालीन सेवा विधेयक, 2026, अरुणाचल प्रदेश सदस्यों के वेतन, भत्ते एवं पेंशन (संशोधन) विधेयक, 2026, अरुणाचल प्रदेश राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन (संशोधन) विधेयक, 2026 और अरुणाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के तबादले एवं पदस्थापन (नियमन एवं प्रबंधन) विधेयक, 2026 शामिल हैं।
बामेंग के विधायक कुमार वाई ने आठवीं अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के छठे सत्र के दौरान एक निजी सदस्य प्रस्ताव पेश किया, जिसमें राज्य सरकार से वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करने और राज्य में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष के मुद्दे को हल करने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया गया।
विधानसभा में प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए वाई ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं ने जन सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण दोनों के लिए गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अरुणाचल प्रदेश सरकार को वन्यजीव संरक्षण तंत्र को मजबूत करने, जैव विविधता की रक्षा करने और मनुष्यों और जंगली जानवरों के बीच संघर्ष को कम करने के लिए प्रभावी और तत्काल उपाय अपनाने चाहिए।
कई विधायकों ने निजी सदस्य प्रस्ताव में भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी