Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 11 सितंबर (हि. स.)। सियालदह डिवीजन ने महिला कर्मचारियों के पेशेवर और व्यक्तिगत कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सियालदह के मंथन ऑडिटोरियम में शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम ‘सखी’ का आयोजन किया।
कार्यक्रम का आयोजन ईआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ (सियालदह) की अध्यक्ष निधि सक्सेना के नेतृत्व में सियालदह डिवीजन के कार्मिक एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर सियालदह के डीआरएम राजीव सक्सेना भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में तीन प्रमुख विषयों—कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम (पॉश), महिला स्वास्थ्य जागरूकता और वित्तीय जागरूकता—पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को उनके अधिकारों, कार्यस्थल की सुरक्षा, स्वास्थ्य और वित्तीय कल्याण के संबंध में व्यावहारिक जानकारी देना था।
पॉश जागरूकता सत्र में सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण कार्यस्थल के महत्व के साथ-साथ कार्यस्थल पर उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के निवारण की उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई।
महिला स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में निवारक स्वास्थ्य देखभाल, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वहीं, वित्तीय जागरूकता सत्र में वित्तीय योजना, बचत, निवेश और दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा के लिए सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में सियालदह डिवीजन के विभिन्न विभागों और क्षेत्रों से लगभग 80 महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवादात्मक सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से सवाल पूछने, अपनी शंकाओं का समाधान करने और अनुभव साझा करने का अवसर मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय