Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 05 अगस्त (हि.स.)। भोपाल महापौर मालती राय ने मेट्रो रेल परियोजना के चलते बोगदा पुल क्षेत्र में बनाए गए परिवर्तित मार्ग पर यातायात को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
बुधवार को निगम मुख्यालय अटल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने मेट्रो रेल निर्माण कार्य के कारण परिवर्तित यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के पार्षद अजीजुद्दीन और नसीम गफूर, नगर निगम अधिकारियों तथा यातायात पुलिस के अधिकारियों से चर्चा कर मौजूदा स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बोगदा पुल मार्ग पर यातायात का संचालन सुचारु रखा जाए। उन्होंने कहा कि परिवर्तित मार्ग पर बढ़े यातायात दबाव को देखते हुए सड़क और आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं तथा नियमित निगरानी कर दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए।
बैठक में उपायुक्त हीरेंद्र सिंह कुशवाह, अतिक्रमण निरोधक दस्ता प्रभारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, पार्षद अजीजुद्दीन, पार्षद नसीम गफूर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा