Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 12 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी देवघर जिला कमिटी की मासिक बैठक भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष सचिन रवानी की अध्यक्षता में बुधवार काे हुई। बैठक में जिला पदाधिकारियों के साथ सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और प्रवासी प्रभारी शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा के जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक मौजूद थे।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष पंकज भदौरिया ने किया। इस दौरान आगामी घर-घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक में संत शिरोमणि रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी को जिले के सभी मंडल अध्यक्षों के बीच वितरित किया गया। इसका उद्देश्य इस पवित्र मिट्टी को मंडल अध्यक्षों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाना बताया गया।
इसके अलावा आगामी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर संगोष्ठी आयोजित करने को लेकर भी चर्चा की गई। वहीं 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। शक्ति केंद्र और बूथ कमेटियों की मजबूती, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील मिश्रा, विशेष आमंत्रित सदस्य संजीव जजवाड़े, विशाखा सिंह, संजय यादव, अधिर चंद्र, पप्पू यादव, मुकेश पाठक, अभयानंद झा, संतोष मुर्मू, सुलोचना देवी सहित सभी मंडल प्रभारी, मंडल प्रवासी प्रभारी, मंडल अध्यक्ष एवं दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy