Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-युवा संवाद में कैबिनेट मंत्री की भूमिका निभाकर माही ने जीता सबका दिल
-गुरुग्राम की बेटी माही वशिष्ठ पिछले साल भी युवा संवाद में छायी थीं
गुरुग्राम, 01 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में आयोजित युवा संवाद-महिला सशक्तिकरण विषयक डिबेट प्रतियोगिता में गुरुग्राम की बेटी माही वशिष्ठ ने अपनी बुलंद आवाज और सशक्त तर्कों से सभी को प्रभावित किया। माही ने इस प्रतिष्ठित लोकतांत्रिक मंच पर विकास एवं पंचायत विभाग की कैबिनेट मंत्री भूमिका का प्रतिनिधित्व किया।
विधानसभा में डिबेट के दौरान माही ने महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, समान अवसर, युवा नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार स्पष्टता, गंभीरता और ओजपूर्ण शैली में रखे। उनकी प्रभावशाली अभिव्यक्ति ने यह संदेश दिया कि सशक्त विचार ही सशक्त समाज और सशक्त भारत की नींव होते हैं। हरियाणा विधानसभा जैसे मंच पर तथ्यों और तर्कों के साथ अपना पक्ष रखना माही की प्रतिभा, तैयारी और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण बना। यह उपलब्धि केवल एक डिबेट प्रतियोगिता में भागीदारी नहीं, बल्कि उस नई पीढ़ी के आत्मविश्वास की पहचान है जो अपने ज्ञान, संस्कार और विचारों के बल पर देश के भविष्य को नई दिशा देने का संकल्प रखती है। माही ने कहा कि कुछ आवाजें केवल सुनाई नहीं देतीं, वे इतिहास के पन्नों पर अपनी पहचान छोड़ जाती हैं। बुलंद आवाज केवल ऊंची नहीं होती, वह सच्चे विचारों, गहन तैयारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से जन्म लेती है। माही वशिष्ठ को उनकी शानदार प्रस्तुति के लिए हार्दिक बधाई दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर