Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इटानगर, 08 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट सियांग ज़िले के आलो में आपसी बहस के बाद एक 25 वर्षीय महिला की उसके पति द्वारा धारदार हथियार से हमलाकर हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। यह घटना सोमवार रात करीब 10.30 बजे आलो के ओल्ड टाउन इलाके में एक क्लब के बाहर होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपित, जिसकी पहचान टोडक गोमदिर (45) के तौर पर हुई है, कथित तौर पर वह बार के अंदर पहुंचा तो वहां पर अपनी पत्नी टोटार गंगक गोमदिर (25) को पाया। उसे शक हुआ कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ अफेयर है।
बार के अंदर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद कर्मचारियों ने उन्हें अपनी बहस बाहर जाकर करने को कहा। पुलिस ने बताया कि जब वे बार से बहस करते हुए बाहर निकले तो आरोपित ने कथित तौर पर अपनी गाड़ी से धारदार दरांती निकाली और अपनी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन पर जानलेवा चोटें आईं।
महिला को तुरंत पास के अस्पताल ले जाने की कोशिश की गयी। पुलिस ने बताया कि एम्बुलेंस में ले जाते समय उसकी नब्ज चल रही थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
जिला पुलिस अधीक्षक करदक रिबा ने बताया कि जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तो पीड़िता खून से लथपथ पड़ी मिली, जबकि आरोपित मौके से फरार हो चुका था। हालांकि, उसने मंगलवार सुबह स्वयं पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को ज़ब्त कर लिया है और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दिया है। पुलिस गवाहों से पूछताछ कर रही है और आलो पुलिस स्टेशन में इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज किया गया है। ज़रूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, महिला का शव अंतिम संस्कार के लिए उसके परिवार को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी