Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 22 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार जिले में परिवहन विभाग ने विद्यालय वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर 54 वाहनों की जांच की, जिसमें सुरक्षा मानकों और मोटरयान अधिनियम के उल्लंघन पर 30 वाहनों के चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्कूलों के वाहनों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
विभाग के अनुसार एक वाहन बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, छह वाहनों में परमिट संबंधी खामियां, एक वाहन बिना बीमा, एक वाहन बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र और एक चालक के दस्तावेज अधूरे पाए गए। इसके अलावा चार वाहनों में आपातकालीन निकास और सुरक्षा उपकरणों की कमी मिली।
जांच में आठ वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं पाए गए, जबकि दस वाहनों में अग्निशमन यंत्र अनुपलब्ध या एक्सपायर मिले। टैक्स और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी अन्य अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने कहा कि प्रत्येक स्कूल वाहन में वैध फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक के दस्तावेज, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन सुरक्षा उपकरणों का होना अनिवार्य है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूल वाहनों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला