Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में 100 बिस्तरीय आधुनिक शासकीय अस्पताल की परियोजना दो साल बीत जाने के बाद भी धरातल पर नहीं उतर पाई है। बजट निरस्त होने के खतरे को देखते हुए सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल सोमवार को आगासौद रोड स्थित प्रस्तावित अस्पताल स्थल पर पहुंचीं।
उन्होंने पूरे प्रशासनिक अमले के साथ जमीन का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों से मामले की पूरी केस हिस्ट्री समझी। कलेक्टर ने स्पष्ट लहजे में कहा कि यदि भूमि विवाद का समाधान जल्द से जल्द नहीं निकाला गया, तो अस्पताल निर्माण के लिए आया बजट लैप्स हो जाएगा। इसका सीधा और बड़ा नुकसान बीना की उस आम जनता को उठाना पड़ेगा, जो बरसों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का इंतजार कर रही है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तुरंत बाद प्रशासन ने आगासौद रोड पर जमीन चिन्हित की थी। लेकिन इससे पहले कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो पाती, जमीन से जुड़ा विवाद हाईकोर्ट पहुंच गया। याचिकाकर्ता पक्ष (जिसमें जफर खान, शहर काजी रिजवान हाशमी और मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधि शामिल हैं) को भी कलेक्टर के निर्देश पर मौके पर बुलाया गया। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने एसडीएम रवीश श्रीवास्तव को निर्देश दिए हैं कि वे दोनों पक्षों की तत्काल संयुक्त बैठक बुलाएं और आपसी सहमति से आउट-ऑफ़-कोर्ट (कोर्ट के बाहर) समझौता कराकर रास्ता निकालें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे